विश्व कप हॉकी में न्यूजीलैंड, नीदरलैंड और जर्मनी भी विजयी, वर्ल्ड चैंपियन बेल्जियम की बड़ी जीत,

Last Updated 15 Jan 2023 09:19:26 AM IST

विश्व चैंपियन बेल्जियम ने शनिवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के एकतरफा मुकाबले में एशियाई चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-0 से पछाड़कर अपना अभियान शुरू किया।


बेल्जियम और दक्षिण कोरिया के बीच हुए मुकाबले का दृश्य।

दिन के अन्य मैचों में न्यूजीलैंड ने चिली को 3-1 से, नीदरलैंड ने मलयेशिया को 4-0 से और जर्मनी ने जापान को 3-0 से पराजित किया।

कलिंगा स्टेडियम पर खेले गये ग्रुप-बी मुकाबले में बेल्जियम के लिए एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स (31वां) और फ्लोरेंट ऑबेल (50वां) ने पेनल्टी पर गोल किये, जबकि टॉन्गी कोसिन्स (43वां), सेबेस्टियन डोकियर (52वां मिनट) और आर्थर स्लूवर (58वां मिनट) ने फील्ड गोल जमाये। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण जीतने के बाद अपना पहला बड़ा टूर्नामेंट खेल रही बेल्जियम ने मुकाबले में प्रभावी शुरुआत की, हालांकि कोरिया ने उसे कड़ी टक्कर देते हुए पहले क्वार्टर में गोल नहीं करने दिया।

तीन बार की चैंपियन नीदरलैंड ने अपने अभियान का जीत के साथ आगाज करते हुए मलयेशिया को 3-0 से हराया। टी वान डैम ने 19वें मिनट में गोल करके दुनिया की तीसरे नंबर की टीम नीदरलैंड को बढ़त दिलाई। तीन बार की विश्व कप विजेता नीदरलैंड के लिए जिप जांसेन ने चार मिनट बार पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। तेउन बेंस ने 46वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया।

पूल सी के पहले मैच में न्यूजीलैंड के लिए सैम हिहा ने पहले दो क्वार्टर में दो फील्ड गोल (11वां और 18वां मिनट) दागे जबकि सैम लेन ने नौवें मिनट में पहला गोल किया था। चिली के लिए एकमात्र गोल इग्नासियो कोंटाडरे ने 49वें मिनट में किया।

भुवनेश्वर में दो बार की पूर्व विश्व चैंपियन जर्मनी ने पूल-बी मुकाबले में जापान को 3-0 से परास्त करके अपने अभियान का जोरदार आगाज किया। कलिंगा स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में विजेता टीम के गोल मैट्स ग्रैम्बुश (36वें मिनट), क्रिस्टोफर रूर (41वां) और थीएस ¨प्रस (49वां मिनट) ने किये। जर्मनी ने पहले ही मिनट से आक्रामक रवैया अपनाया।

वार्ता/भाषा
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment