UP By-Election Results 2024: UP उपचुनाव में भाजपा गठबंधन ने लहराया परचम
उप्र विधानसभा की रिक्त नौ सीटों की मतगणना का कार्य देर शाम तक शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। चुनाव परिणाम में भाजपा गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात सीटों पर जीत हासिल की है।
![]() UP उपचुनाव में भाजपा गठबंधन ने लहराया परचम |
सपा को केवल दो सीटों पर संतोष करना पड़ा है। उपचुनाव में बसपा का खाता भी नहीं खुला है। उपचुनाव में सबसे बड़ा 144791 वोटों के जीत-हार का अंतर मुरादाबाद की कुन्दरकी सीट पर देखने को मिला है। पिछले विस चुनाव में इन नौ विस सीटों मे से पांच पर सपा ने परचम लहराया था और चार भाजपा गठबंधन के पास थीं।
विधानसभा की नौ सीटों के उपचुनाव की मतगणना शनिवार को सम्बन्धित जिला मुख्यालयों पर प्रात: आठ बजे शुरू हो गयी थी। मतगणना में दोपहर बाद से परिणाम आने शुरू हो गये थे और देर शाम तक सभी परिणाम घोषित कर दिये गये।
मुरादाबाद की कुन्दरकी सीट पर भाजपा के रामवीर सिंह ,गाजियाबाद सीट पर भाजपा के संजीव शर्मा ने जीत हासिल की है। अलीगढ़ की खैर सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुरेन्दर दिलेर ने सपा प्रत्याशी चारू कैन को हराकर जीत हासिल की है।
प्रयागराज की फूलपुर सीट भाजपा भाजपा के दीपक पटेल जीते हैं। अम्बेडकरनगर की कटेहरी सीट पर भी भाजपा ने कब्जा कर लिया है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने सपा प्रत्याशी शोभावती वर्मा को हरा दिया।
मिर्जापुर की मझवां सीट पर भी भाजपा की शुचिस्मिता मौर्या ने सपा प्रत्याशी डा. ज्योति बिंद को हरा दिया है। मुरादाबाद की मीरापुर सीट पर भाजपा गठबंधन के राष्ट्रीय लोकदल के मिथलेश पाल ने जीत हासिल की है।
मैनपुरी की करहल सीट पर सपा का कब्जा बरकरार है। सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने भाजपा प्रत्याशी अनुजेश प्रताप सिंह को हरा दिया है। कानपुर नगर की सीसामऊ सीट पर भी सपा ने कब्जा कर लिया है। यहां सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने भाजपा के सुरेश अवस्थी को हरा दिया है।
| Tweet![]() |