यूपी में 10 मुस्लिम परिवारों के 70 सदस्यों ने हिंदू धर्म अपनाया, 10 साल पहले मुस्लिम धर्म कबूल किया था

Last Updated 24 Sep 2023 09:06:04 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बघरा में स्थित योग साधना यशवीर आश्रम में महंत स्वामी यशवीर जी महाराज के सानिध्य में मुजफ्फरनगर जिले के 10 मुस्लिम परिवारों के 70 सदस्यों ने शुद्धि यज्ञ में गायत्री मंत्रों के साथ आहुति देने के बाद हिंदू धर्म को अपनाया।


यूपी में 10 परिवारों के 70 लोगों ने अपनाया हिन्दू धर्म

इन परिवारों के सभी 70 सदस्यों के नाम भी बदल दिए गए। अब नाहिद को अरविंद कुमार, नाजिया को कविता तो गुलशन को अक्षय कुमार कहा जाएगा। इसी तरह से परिवार के अन्य सदस्यों के नये नाम रखे गये हैं।

हिन्दू धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल किया था

योग साधना यशवीर आश्रम में महंत स्वामी यशवीर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य मृगेंद्र ब्रह्मचारी ने वेद मंत्रों के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन कराकर 10 परिवारों के इन 70 सदस्यों की शुद्धि की। जाकिर का कहना है कि उनके पूर्वज हिंदू ही थे, लेकिन बाद में किसी वजह से उन्होंने 10 वर्ष पूर्व इस्लाम कबूल कर लिया था। अब वह दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी कर रहे हैं।

1,100 मुस्लिम लोगों ने दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी की

आचार्य मृगेंद्र ब्रह्मचारी महाराज जी ने बताया कि अब तक 1,100 मुस्लिम लोगों ने दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी की है। प्रदेश में पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में हिंदुओं का उत्पीड़न कर उन्हें डराकर मुस्लिम बनाया जाता था, लेकिन अब प्रदेश में दूसरी बार योगी आदित्यनाथ जी की सरकार बनने और माहौल ठीक होने पर पहले धर्म छोड़ गए लोग पुन: हिंदू धर्म में वापसी कर रहे हैं। जो धर्म बदल कर चले गए थे अब उनका स्वाभिमान जाग रहा है और वह वापसी कर रहे हैं।

वेद मंत्रों और गायत्री मंत्र से हवन

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के निवासी इन 10 परिवारों के 70 सदस्यों ने बघरा में यशवीर आश्रम में आकर अपने धर्म में पुन: वापसी की है। इन सभी लोगों और बच्चों को गंगाजल से आचमन कराकर जनेऊ धारण कराया। इसके बाद लाल धागे में ओम की माला उनके गले में डाली गई। मुख्यत: वेद मंत्रों और गायत्री मंत्र से हवन कराया गया।

आईएएनएस
मुजफ्फरनगर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment