यूपी में ब्लाक प्रमुखों के चुनाव में भगवा परचम

Last Updated 11 Jul 2021 01:37:57 AM IST

प्रदेश में ब्लाक प्रमुख की 825 सीटों के लिए चुनाव शनिवार को सम्पन्न हो गया। 476 सीटों के लिए शनिवार को मतदान कराया गया जबकि शुक्रवार तक 349 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया था।


उप्र : ब्लाक प्रमुखों के चुनाव में भगवा परचम

चुनाव में ज्यादातर सीटों पर भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी के समर्थक उम्मीदवारों में सीधी टक्कर थी। इसके चलते प्रदेश में कई जगह पर भाजपा व सपा समर्थकों में मारपीट तक हुई। परिणाम की घोषणा के बाद भाजपा ने 625 सीटों पर जीत का दावा किया है।

लखनऊ जिले की आठ सीटों में से सात पर भाजपा व एक सीट पर निर्दल प्रत्याशी विजयी हुआ है।

प्रदेश में ब्लाक प्रमुख की 826 सीटों में से 825 पदों के लिए चुनाव कराया गया। गोण्डा जिले के विकास खण्ड मुजेहना के ब्लाक प्रमुख का कार्यकाल पूरा न होने के कारण वहां चुनाव नहीं कराया गया। इन 825 सीटों के लिए आठ जुलाई को नामांकन कराया गया। इसमें 1778 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी।

आठ जुलाई को ही अपराह्न तीन बजे के बाद करायी गयी जांच में 68 नामांकन पत्र निरस्त कर दिये गये। इसके बाद 1710 वैध प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे थे। शुक्रवार को नाम वापसी के दौरान 187 प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद प्रदेश में जो स्थिति सामने आयी है उसमें 349 ब्लाक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए।

इसके बाद शेष बचे 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान कराया गया। इन सीटों पर 1174 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें ज्यादातर सीटों पर भाजपा व सपा प्रत्याशी आमने-सामने मैदान में थे। मतदान के दौरान कई जिलों में हिंसक घटनाएं भी हुईं।

श्रावस्ती में सभी सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो जाने के कारण यहां पर मतदान नहीं कराया गया। मतदान के बाद मतगणना कराकर शनिवार को ही परिणाम भी घोषित कर दिया गया।

परिणाम के बाद भाजपा ने दावा किया कि कुल 825 सीटों में से 625 पर उनके प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। इसके अलावा 100 से ज्यादा सपा समर्थित, कुछ कांग्रेस व अन्य पार्टियों सहित शेष निर्दलीय प्रमुख शामिल हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment