BJP में शामिल हुए महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण, देवेन्द्र फड़णवीस रहे मौजूद

Last Updated 13 Feb 2024 01:28:14 PM IST

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण आज मंगलवार को बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने मुंबई में बीजेपी दफ्तर में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बीजेपी का दामन थामा।


महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण BJP में शामिल

अब वो भाजपा के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

मंगलवार दोपहर राज्य पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, मुंबई प्रमुख आशीष शेलार और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने 66 वर्षीय चव्हाण का भाजपा में गर्मजोशी से स्वागत किया।

भाजपा कार्यालय में चव्हाण का स्वागत करने के लिए प्रवीण दरेकर, गिरीश महाजन, हर्षवर्द्धन पाटिल जैसे अन्य वरिष्ठ भी मौजूद थे।

उनके गृह नगर नांदेड़ में भाजपा कार्यालय के बाहर सभा और जश्न के बीच बावनकुले ने सदस्यता फॉर्म पर हस्ताक्षर करा कर उन्हें आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल कर लिया।

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए चव्हाण ने कहा कि वह अब बीजेपी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे।



चव्हाण ने कहा, ''मैं आज दोपहर प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस और आशीष शेलार की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होऊंगा।''

जब चव्हाण से यह पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुंबई स्थित कार्यालय में जाकर भाजपा में आधिकारिक तौर पर शामिल हो जाऊंगा। वहां मेरे साथ कुछ नेता भी होंगे। वहां उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार समेत अन्य लोग होंगे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री एस बी चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने सोमवार को इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका स्वतंत्र फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया।

उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा के आगामी द्विवार्षिक चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामित किए जाने की संभावना है।

66 वर्षीय चव्हाण ने सोमवार को अचानक कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और भोकर विधायक के रूप में भी इस्तीफा दे दिया, ज‍िसके साथ वह 40 वर्षों से अधिक समय से जुड़े हुए थे।

चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं।

महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी कुछ दिन पहले पार्टी छोड़ दी थी।

 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment